फरवरी में कैमूर आएंगे मुख्यमंत्री, प्रशासनिक तैयारी जोरों पर..

बिहार राजनीति
Spread the love

भभुआ अनुमंडल की पहड़िया व मोहनियां की भरखर पंचायत में जा सकते हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के फरवरी माह में संभावित कार्यक्रम को लेकर हर स्तर पर तैयारी कर रहा जिला प्रशासन भभुआ, हिन्दुस्तान संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फरवरी माह में कैमूर जिले में प्रगति यात्रा पर आएंगे। सीएम की संभावित प्रस्तावित प्रगति यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। हालांकि जिला प्रशासन के कोई भी अधिकारी अभी यह बताने से परहेज कर रहे हैं कि सीएम कैमूर में किस तिथि को आएंगे। प्रशासनिक सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री कैमूर में प्रगति यात्रा के दौरान भभुआ अनुमंडल की पहड़ियां तथा मोहनियां अनुमंडल की भरखर पंचायत के भरखर गांव में जा सकते हैं। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी भरखर व पहड़ियां गांव में हर दिन आ-जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाओं का क्रियान्वन तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन हर स्तर पर तैयारी कर रहा है, ताकि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिले। जिला के वरीय अधिकारी मातहत पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हर दिन के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्ष 2024 में सितम्बर माह में कैमूर में आए थे। इस दौरान सीएम ने मां मुंडेश्वरी धाम परिसर में वन विभाग द्वारा करीब 10 करोड़ की लागत से निर्माण कराए गए इको पार्क एवं नुआंव प्रखंड स्थित चंडेश पंचायत एवं तियरा पंप कैनाल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान करोड़ों रुपए की कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया था। कलेक्ट्रेट का रंग-रोगन करा रहा प्रशासन भभुआ। मुख्यमंत्री के फरवरी माह में संभावित प्रगति यात्रा को लेकर जिला प्रशासन कलेक्ट्रेट एवं अन्य सरकारी कार्यालयों की साफ-सफाई तथा रंग-रोगन करा रहा है। समाचार कवरेज के लिए यह संवाददाता शुक्रवार की दोपहर करीब 1:25 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचा तो देखा कुछ मजदूर मुख्य गेट की मरम्मत एवं चहारदीवारी का रंग-रोगन तथा कुछ मजदूर साफ-सफाई कार्य में जुटे हैं। प्रशासनिक अफसरों की देखरेख में यह कार्य करीब एक सप्ताह से चल रहा है। लिच्छवी भवन में कर सकते हैं संवाद भभुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैमूर जिले में प्रगति यात्रा के दौरान जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट के बगल में स्थित लिच्छवी भवन में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों से संवाद भी कर सकते हैं। सीएम के संवाद कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लिच्छवी भवन की बेहतर ढंग से साफ-सफाई एवं रंग-रोगन करा रहा है। बता दें कि करीब दो वर्ष पूर्व कैमूर की पढ़ौती पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भभुआ के लिच्छवी भवन में जीविका समूह की दीदी के साथ संवाद किया था। फोटो-10 जनवरी भभुआ- 5 कैप्शन- मुख्यमंत्री की संभावित प्रगति यात्रा को ले शहर के समाहरणालय पथ में स्थित लिच्छवी भवन का शुक्रवार को रंग-रोगन करते मजदूर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *