बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में तैनात एक गाड़ी खराब हो गई। यह घटना दरभंगा में उनके प्रगति यात्रा के दौरान हुई। पुलिसकर्मियों को गाड़ी धक्का लगाते देखा गया। यह गाड़ी सीएम के काफिले की पायलट गाड़ी थी। इस घटना से सीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार दरभंगा में कई परियोजनाओं का जायजा लेने और शिलान्यास करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री के आगमन के समय अचानक से पायलट गाड़ी को कुछ पुलिस गाड़ी धक्का मारते हुए नजर आए। चलते काफिले के बीच पायलट गाड़ी से उतर पुलिस वाले धक्का लगाते रहे। हालांकि तब तक मुख्यमंत्री का काफिला आगे की तरफ बढ़ गया। काफी दूर तक धक्का देने के बाद पायलट गाड़ी स्टार्ट हो सकी।
जानकारी के अनुसार पायलट गाड़ी कारकेड में पहली पायलट गाड़ी के साथ था। मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर की लैंडिंग से कुछ मिनट पहले अलर्ट के लिए स्टार्ट करते समय गाड़ी ने धोखा दे दिया। सीएम नीतीश इस दौरान भराठी में वृहद आश्रय गृह उद्धघाटन कर निकले थे। हालांकि मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ गया, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा में चूक की ओर इशारा किया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी गाड़ी को धक्का देते दिखाई दे रहे हैं। वो वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दरभंगा में लगभग साढ़े चार घंटे रहे। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का निरीक्षण किया। उनके दौरे का मुख्य आकर्षण 134 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दोनार फ्लाईओवर का शिलान्यास था। यह फ्लाईओवर दरभंगा शहर की ट्रैफिक समस्या का समाधान करेगा। इससे न सिर्फ शहरवासियों को बल्कि बेनीपुर, बिरौल, सदर अनुमंडल और सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया जैसे जिलों के लोगों को भी फायदा होगा।
