प्रगति यात्रा पर निकले सीएम नीतीश का लालू-राबड़ी शासन पर हमला, पूछा…

बिहार राजनीति
Spread the love

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज फिर स्पष्ट कर दिया है कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में ही रहेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के ऑफर का भी संदेश के जरिए जवाब दे दिया। उन्होंने कहा कि हम दो बार गलती से उनलोगों के साथ चले गये थे लेकिन अब उनको छोड़कर इधर आ गये हैं। अब पुराने साथियों के साथ ही है। उनलोगों ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। महिलाओं के लिए भी कोई काम नहीं किया। शाम होने के बाद कोई घर से निकलता था? 2005 के बाद हमलोगों ने काफी काम किया। सबके विकास के लिए काम किया। हमलोगों ने हिन्दू-मुस्लिम, अगड़ा-पिछड़ा, दलित-महादलित समेत सभी वर्गों के काम किया।
सीएम नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी राज की याद दिलाते हुए कहा कि पहले महिलाओं की स्थिति क्या थी सभी जानते हैं। शाम में लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। उनलोगों ने महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया। जबसे हमलोगों की सरकार आयी महिलाओं के उत्थान के लिए कई कार्य किए गए, जिसके फलस्वरुप आज काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। हमलोगों ने स्वयं सहायता समूह का गठन किया उसे नाम दिया ‘जीविका’। जीविका समूह से जुड़नेवाली महिलाओं की स्थिति में काफी बदलाव आया है। आप देख रहे हैं जीविका दीदियां कितना अच्छा काम कर रही हैं। बिहार में जीविका अच्छा काम करने लगी तो उस समय की केंद्र सरकार ने इसकी सराहना की और उसी की तर्ज पर ‘आजीविका’ नाम देकर पूरे देश में इसे चलाया। जीविका दीदियों को जिन चीजों की जरुरत होती है हमलोग उसे पूरा करते है। जीविका दीदियों को हमलोग आगे बढ़ा रहे हैं। राज्य के विकास के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। बता दें कि यह सब बातें सीएम नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर में प्रगति यात्रा के दौरान कही।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के दूसरे चरण में मुजफ्फरपुर जिले को 45140.12 लाख (451 करोड़ 40 लाख) रुपये की सौगात दी है। 76 योजनाओं से संबंधित शिलापट्टों का अनावरण कर उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया। इनमें 9405.46 लाख रुपये की लागत से 51 योजनाओं का उद्घाटन, 24590.31 लाख रुपये की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास एवं 11144.35 लाख रुपये की लागत से 2 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *