बिहार में नीतीश कुमार सरकार के अधिकतर मंत्री हथियारों के शौकीन हैं। वर्षांत में मंत्रियों की ओर से जारी संपत्तियों के ब्यौरे के मुताबिक उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय सिन्हा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित कई मंत्री राइफल और रिवॉल्वर के शौकीन हैं। सम्राट चौधरी के पास दशमलव 6 बोर का चार लाख रुपये मूल्य का राइफल भी है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी रिवॉल्वर व राइफल ले रखा है।
सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार के पास एक बंदूक, एक राइफल और एक रिवाल्वर है। पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह के पास एक राइफल, एक पिस्टल जबकि पत्नी के पास भी एक पिस्टल है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह के नाम भी एक राइफल और एक बंदूक है। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी के पास रिवॉल्वर है। एससी-एसटी कल्याण मंत्री जनक राम ने एक रिवॉल्वर व एक राइफल ले रखा है।
आईटी मंत्री संतोष कुमार सुमन भी रिवॉल्वर रखे हुए हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के पास रिवॉल्वर है। वहीं, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के पास रिवॉल्वर और राइफल है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास 52 हजार का राइफल हैं। गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान के पास राइफल है।भवन निर्माण मंत्री जयंत राज के पास 74 हजार का पिस्टल और 3.37 लाख रुपये मूल्य का राइफल भी है। विज्ञान प्रौद्योगिकी व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह के पास राइफल और पिस्टल है। मंत्री रेणु देवी के पास एक राइफल, एक पिस्टल है। पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पास एक रिवाल्वर और एक बंदूक है।