क्यों पुराने दोस्त ने नीतीश का बढ़ाया टेंशन, विधानसभा चुनाव का क्या है माजरा

बिहार राजनीति
Spread the love

अस्थावां: अस्थावां प्रखंड के मुस्तफापुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे ‘आप सबकी आवाज’ पार्टी (आसा) के संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा को लेकर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को इतने वर्षों से बिहार का मुख्यमंत्री रहने के बाद यात्रा करने की क्या जरूरत है?कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे आरसीपी सिंह ने यह भी कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) ने महिलाओं के लिए कई काम किए हैं, लेकिन अभी भी उनके सशक्तीकरण और रोजगार को लेकर बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री की यात्राओं को समस्याओं से अनभिज्ञता का संकेत बताया।कार्यक्रम में आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी के संगठन विस्तार की जानकारी भी दी। बताया कि आप सबकी आवाज पार्टी की स्थापना को छह हफ्ते पूरे हो गए हैं और इस दौरान संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान की गई है।

पार्टी ने देश के चार राज्यों- बिहार, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। साथ ही नारी शक्ति प्रकोष्ठ समेत 26 प्रकोष्ठों का गठन हो चुका है।आरसीपी सिंह ने बताया कि बिहार में पार्टी के 200 से अधिक पदाधिकारी बनाए गए हैं।

पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है और 162 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।बिहार में बेरोजगारी को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि राज्य में कोई भी परीक्षा पेपर लीक के बिना नहीं होती, जिससे राज्य की छवि खराब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।

आरसीपी ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और किन दलों के साथ गठबंधन करेगी, इसका फैसला जल्द लिया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुन्ना सिद्दीकी, मुख्य प्रवक्ता पंचम श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विपिन यादव और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *